देहरादून। जिले में लगातार हो रही तेज वर्षा और मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने 18 अगस्त को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किए।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और एनडीएमए के National Disaster Alert Portal से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के आधार पर 18 अगस्त के मध्याह्न तक जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका है। इसे देखते हुए जिले में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाया गया है। आदेश में कहा गया है कि आपदा न्यूनीकरण की दृष्टि से जनपद देहरादून के कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों में 18 अगस्त को एक दिन का अवकाश रहेगा। यह आदेश सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि शासन, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उपजिलाधिकारियों, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को अनुपालन के लिए भेजी गई है। जिले में लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

More Stories
MBBS फर्जीवाड़े के बाद प्रशासन की CSC सेंटरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई सेंटरों पर लटकाए ताले
जिला अस्पताल (कोरोनेशन) के घटते राजस्व की होगी जांच, डीएम ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
अवैध रूप से बनाई मजार पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण