देहरादून। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र की ओर से अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।मौसम विज्ञान के मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जिले में 14 अगस्त को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान की ओर से 13 अगस्त को जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में जिले में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है। इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। आदेश के मुताबिक जिले में संचालित कक्षा 01 से 12 तक के समस्त शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र 14 अगस्त को बंद रहेंगे। इसमें सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालय भी शामिल हैं।
जिलाधिकारी के आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
बारिश और बिजली को लेकर सतर्कता
प्रशासन का यह फैसला मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के उफान, जलभराव, भूस्खलन और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में विद्यार्थियों को घर से विद्यालय तक आने-जाने में किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसके लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आदेश के अनुपालन के निर्देश दिए हैं।

More Stories
भारी बारिश का अलर्ट: देहरादून-पौड़ी सहित चार जिलों में कल स्कूलों में अवकाश
स्कूल खुलने से महज 15 मिनट पहले डीएम का आदेश, बारिश के चलते देहरादून में सभी स्कूलों में अवकाश
भारी बारिश का अलर्ट: उत्तराखंड के पांच जिलों में स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश