देहरादून: उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी करते हुए कई अहम पदों पर फेरबदल किया है। शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश में कुल 19 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल को आगामी प्रशासनिक रणनीति और विभागीय कार्यों में तेजी लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
तबादला सूची में सबसे प्रमुख नाम देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल का है। उन्हें डीएम देहरादून और स्मार्ट सिटी सीईओ के पद से हटाकर सचिव नियोजन बनाया गया है। वहीं, UCADA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी का सीईओ नियुक्त किया गया है।

नगर निगम देहरादून की नगर आयुक्त नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह आलोक कुमार पांडे को देहरादून नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। आलोक कुमार पांडे पहले PMGSY के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।

आईएएस अधिकारी विनय शंकर पांडे को नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
शासन ने शिक्षा विभाग में भी बदलाव करते हुए सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग का प्रभार वापस ले लिया है। बीवीआरसी को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा प्रतीक जैन को एमडी-जीएमवीएन के पद से हटाकर आयुक्त कर एवं महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। बागेश्वर की जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है, जबकि अपर सचिव अपूर्वा पांडे को बागेश्वर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
शासन के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं, शहरी विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यों की गति बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

More Stories
शासन ने किए 06 IAS व 26 PCS अधिकारियों के तबादले, देखें सूची
IPS अधिकारियों के ट्रांसफर, श्वेता चौबे टिहरी की नई एसएसपी
एसएसपी व एसपी के ट्रांसफर, परमेंद्र डोबाल देहरादून के नए एसएसपी