अपराध

अल्मोड़ा में भीषण बस हादसा, 25 यात्रियों की मौत, सीएम ने पौड़ी व अल्मोड़ा ARTO को किया निलंबित

कुमाऊं : रामनगर स्टेट हाईवे पर कूपी क्षेत्र के ज्यूखड़ाचौड़ा बैंड के पास यात्रियों से भरी बस खाई में जा गिरी। हादसे में 25 यात्रियों की मौत की सूचना है। पहाड़ी से टकराती हुई गढ़वाल मोटर यूजर्स को-आपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी की बस लगभग 400 मीटर गहरे में गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 42 से ज्यादा लोग सवार थे। कुछ यात्री दुर्घटनाग्रस्त बस में ही फंसे हुए हैं। बचाव दल उन्हें वाहन को काटकर निकाल रहा है। चार घायलों को रामनगर चिकित्सालय पहुंचाया जा चुका है, जहां दो और यात्रियों ने दम तोड़ दिया। वहीं दो को नाजुक हालत में हल्द्वानी भेज दिया गया है। बड़ी दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी व अल्मोड़ा के एआरटीओ (पर्वतन) को निलंबित कर दिया है। वहीं घटना की मजिस्ट्रेटियल जांच आयुक्त कुमाऊं मंडल को सौंपी है।

दुर्घटना सोमवार की सुबह करीब आठ बजे की है। नैनीडांडा ब्लाक (पौड़ी गढ़वाल) के बारातकिनाथ से गढ़वाल मोटर यूजर्स को-आपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड की बस यूके 12 पीए 0061 यात्रियों को लेकर प्रात: लगभग सात बजे रामनगर के लिए रवाना हुई। कूपी क्षेत्र में सल्ट थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सारूढ़ ज्यूखड़ाचौड़ा बैंड के पास गढ़वाल मोटर की बस यूके 12 पीए 0061 अनियंत्रित होकर स्टेट हाईवे से खाई की ओर जा गिरी। सल्ट पुलिस, एसडीआरएफ, रानीखेत से दमकल कर्मियों का बचाव दल दुर्घटना स्थल पर पहुंचा। खाई में दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे घायलों व शवों का बमुश्किल बाहर निकाला गया। प्रशासनिक टीम के साथ आसपास के ग्रामीण भी जुटे रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button