अपराध

टक्कर लगने के बाद ई-रिक्शा चालक को बुरी तरह से पीटा, दिमाग की नस फटी

देहरादून: बच्चे को ई-रिक्शा की टक्कर लगने पर परिजनों ने चालक को इतना पीटा कि उसकी दिमाग की नस ही फट गई। यही नहीं घायल ई-रिक्शा चालक से 10 हजार रुपये भी ले लिए। ई-रिक्शा चालक को अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सक ने उसके ब्रेन डेड को घोषित कर दिया है साथ ही बचने की कोई उम्मीद नहीं बताई है। पुलिस ने बच्चे के पिता, माता व चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मनबहादुर राणा निवासी लक्ष्मीपुर उम्मेदपुर प्रेमनगर ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। मंगलवार शाम को वह ई-रिक्शा से वसंत विहार पर ब्लिंकिट स्टोर के पास जा रहे थे तो अभी उनके सामने अचानक एक बच्चा आ गया। टक्कर लगने से इससे बच्चे को चोटें आ गई। तभी बच्चे के पिता गजेंद्र सिंह, मां सीमा और उसके चाचा मनी मौके पर पहुुंचे और
तीनों ने लात-घूसों से मनबहादुर राणा को अधमरा कर दिया। आसपास खड़े लोगों ने उन्हें आरोपितों के चुंगल से छुड़ाया और गंभीर हालत में अपने वाहन से उनके घर लक्ष्मीपुर ले गए। इसके बावजूद भी आरोपित मनी ने मनबहादुर के खाते से अपने खाते में बच्चे के इलाज के लिए 10 हजार रुपये डलवा दिए। कुछ देर बाद मनबहादुर जोकि गंभीर रूप से घायल थे, बेहोश हो गए थे। उनको श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उनके दिमाग की नशे फट चुकी हैं और वेंटिलेशन पर रख दिया।

थानाध्यक्ष वसंत विहार अशोक राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित गजेंद्र सिंह उनकी पत्नी सीमा सिंह और गजेंद्र सिंह छोटे भाई मनी सिंह के विरुद्ध हत्या के प्रयास के मुकदमा दर्ज कर लिया है। अस्पताल में भर्ती मनबहादुर की हालत बहुत नाजुक बनी हुई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button