पुरोला से भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल से पंगा लेने पर एसडीएम पर गिरी गाज, गढ़वाल कमिश्नर कार्यालय अटैच 

उत्तरकाशी: पुरोला से बीजेपी विधायक दुर्गेश्वर लाल के खिलाफ थाने में तहरीर देना एसडीएम सोहन सिंह सैनी को महंगा पड़ गया है। उन्हें शासन ने हटा दिया है। एसडीएम ने विधायक पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। विवाद बढ़ने पर शासन ने रविवार का दिन होने के बावजूद एसडीएम को कमिश्नर गढ़वाल ऑफिस अटैच किए जाने के आदेश किए।एसडीएम और विधायक के खिलाफ विवाद चल रहा था।
एसडीएम ने विधायक पर जान से मारने की धमकी देने, छवि धूमिल करने, एससी, एसटी एक्ट में केस दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप लगाया था। पुरोला बाजार में भी अभद्रता करने और समर्थकों के सोशल मीडिया पर छवि खराब करने का आरोप लगाया।दोपहर बाद कार्मिक विभाग की ओर से एसडीएम को हटाने के आदेश जारी कर दिए गए। उन्हें किसी नई तहसील की जिम्मेदारी देने की बजाय सीधे कमिश्नर गढ़वाल कार्यालय पौड़ी से अटैच किया गया। एसडीएम का वेतन अब कमिश्नर पौड़ी कार्यालय से ही जारी होगा।




