Other

कुआंवाला की हिमालयन हाइब्रिड पावर टेक्नोलाजी कंपनी में भीषण आग

देहरादून: कुआंवाला स्थित हिमालयन हाइब्रिड पावर टेक्नोलाजी प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार तड़के तीसरी मंजिल पर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डोईवाला और लालतप्पड़ फायर स्टेशन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जबकि समय रहते कार्रवाई कर कंपनी के गोदाम और अन्य हिस्सों में रखा लाखों रुपये का सामान सुरक्षित बचा लिया गया।

फायर विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 3:24 बजे पीएफटी के माध्यम से सूचना मिली कि कुआंवाला स्थित कंपनी की तीसरी मंजिल पर आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही डोईवाला फायर स्टेशन से लीडिंग फायरमैन राजेश शर्मा के नेतृत्व में टीम और लालतप्पड़ फायर स्टेशन की दूसरी टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि कंपनी की तीसरी मंजिल पर स्थित इन्वर्टर, यूपीएस, एलईडी लाइट तथा प्रोडक्शन क्षेत्र में आग तेजी से फैल रही थी। आग की गंभीरता को देखते हुए दोनों फायर यूनिटों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। फोम टेंडर के जरिए पंपिंग कर मानिटर ब्रांच की सहायता से फोम का इस्तेमाल करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

इस दौरान आग की चपेट में कंपनी के पीछे की झाड़ियां भी आ गई थीं। अग्निशमन कर्मियों ने एक डिलीवरी लाइन बिछाकर चारों ओर से घेराबंदी करते हुए झाड़ियों में लगी आग को भी पूरी तरह बुझा दिया, जिससे आग के और अधिक फैलने की आशंका समाप्त हो गई। अग्निशमन अभियान के दौरान फायर टेंडरों का पानी समाप्त होने पर टीम ने रिले पंपिंग की व्यवस्था की। इसके लिए विडलास रीवर वैली सोसाइटी के हाइड्रेंट से लगातार पानी की आपूर्ति कर दोबारा अग्निशमन कार्य शुरू किया गया। फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई, समन्वय और सूझबूझ के चलते आग को अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।

कंपनी के मैनेजर शिव शंकर ने बताया कि घटना में किसी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और कोई जनहानि नहीं हुई। साथ ही फायर विभाग की तत्परता के कारण गोदाम और कंपनी के अन्य हिस्सों में रखा सामान सुरक्षित बच गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button