देहरादून में दर्दनाक हादसा : नहाने गए चार बच्चों में से दो की नदी में डूबने से मौत, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

देहरादून: हर्रावाला स्थित गुल्लरघाटी की तरफ नदी में नहाने गए चार में से दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की ओर से सारी रात रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसके बाद गहरी नदी में दो किशोरों के शव बरामद हुए हैं। हादसे की खबर सुनकर स्वजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बीते तीन जून की रात एसडीआरएफ को सूचना मिली कि हर्रावाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत नकरौंदा जीरो पॉइंट के पास चार बच्चे दोपहर में स्नान के लिए गए थे। इसमें से मात्र 2 बच्चे ही वापस आए हैं। इस दौरान दो बच्चों के कपड़े पुलिस को नदी किनारे मिले। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। रात होने के कारण टीम को सर्च आपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही थी।
इसके बावजूद टीम लगातार किशोरों की तलाश में जुटी रही। देर रात पुलिस ने दो किशाेरों के शव को गहराई से बरामद कर बाहर निकाला। मृतकों की पहचान प्रिंस कठैत पुत्र अतुल सिंह निवासी सैनिक कॉलोनी बालावाला और शुभम असवाल पुत्र एमएस असवाल निवासी सैनिक कॉलोनी बालावाला देहरादून के रूप में हुई है।




