June 9, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

JE फैसल खान रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने 50 हजार रुपये के साथ दबोचा

देहरादून। विजिलेंस की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पशुलोक बैराज ऋषिकेश में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) फैसल खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाना देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभागों में टेंडर का कार्य करते हैं और उन्होंने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। आरोप है कि उक्त कार्य के भुगतान के बदले वहां तैनात जेई फैसल खान अवैध रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर देहरादून सेक्टर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई।

विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोरताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज करा सकता है।

About Author