अपराध

देहरादून में किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले फ्लैट मालिक व ड्राइवर गिरफ्तार

देहरादून: पॉश एरिया व विधायक होस्टल के निकट किशोरी द्वारा आत्महत्या के मामले में पुलिस ने फ्लैट मालिक अभिषेक लूथरा उर्फ राजा निवासी फ्लैट नंबर एक रेसकोर्स रोड देहरादून और ड्राइवर राजीव कुमार निवासी कण्डोली लेन नंबर 4 राजीव नगर पुल के पास, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने, मारपीट और बालश्रम अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

गुरुवार को रेसकोर्स में एक कारोबारी के फ्लैट में काम करने वाली 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत के मामले को लेकर स्वजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया था। किशोरी करीब चार माह से फ्लैट में साफ-सफाई का काम कर रही थी। गुरुवार सुबह उसका शव शौचालय में फंदे पर लटका मिला। कारोबारी, उनकी शिक्षका पत्नी व एक अन्य परिचित शव को फंदे से उतारकर कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना के बारे में पता लगते ही स्वजन व स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कारोबारी पर दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाते हुए घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया व सड़क पर जाम लगा दिया।

आक्रोशित भीड़ ने कारोबारी के फ्लैट में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने बामुश्किल स्थिति नियंत्रित की। किशोरी के पिता की तहरीर पर नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने कारोबारी, उनकी पत्नी व एक अन्य के विरुद्ध हत्या, मारपीट, छेड़छाड़ समेत पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को तत्काल हिरासत में ले लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के शरीर पर चोट के निशान नहीं आए हैं, न ही चिकित्सकों ने यौन उत्पीड़न की बात का जिक्र किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button