August 19, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

देहरादून-डोईवाला मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, तीन घायल

देहरादून। डोईवाला कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह मणिमाई मंदिर के पास एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब देहरादून की ओर से आ रहे पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल गया। टायर निकलने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही इको वैन भी अनियंत्रित होकर पिकअप से जा भिड़ी।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 10:40 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और चौकी हर्रावाला से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल मिले। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में घायल तीन लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर है।

पुलिस ने मृतकों की पहचान नरेश पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा, उम्र 42 वर्ष और विनोद निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में की है। वहीं घायलों में विपेंद्र सिंह निवासी रेलवे रोड, हरियाणा, उम्र 35 वर्ष तथा विक्की निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। तीसरे घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार हादसा अचानक होने और कुछ घायलों के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी पहचान तथा अन्य मृतकों की पूरी जानकारी तत्काल तस्दीक नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी में पिकअप का पिछला टायर निकलना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

About Author