अपराध

जहरखुरानी का शिकार हुआ वारंट अफसर, isbt चौकी प्रभारी बेखबर

देहरादून: अरुणाचल प्रदेश से छुट्टी पर देहरादून लौट रहे असम राइफल्स के वारंट अफसर जहर खुरान गिरोह का शिकार हो गए। दिल्ली से देहरादून की बस में उन्हें निशाना बनाया गया। इस दौरान उनका सामान और पैसे चोरी कर लिए गए। जवान को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर बात यह है कि आईएसबीटी चौकी प्रभारी को इस घटना की कानों कान खबर नहीं लग पाई।

असम राइफल्स पूर्व सैनिक संगठन के सचिव अशोक नेगी ने बताया कि प्रेमनगर क्षेत्र निवासी मगन सिंह 10 असम राइफल्स में हाल में अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं। वहां से वह छुट्टी पर घर वापस लौट रहे थे। शनिवार शाम को दिल्ली से दून आ रही बस में सवार हुए।आईएसबीटी पर बस पहुंची तो वह बस में बेहोश मिले। उनका सारा सामान गायब था। तब पता लगा कि बस में जहर खुरान गिरोह का शिकार हुए हैं।

इसकी सूचना आईएसबीटी चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया है लेकिन चौकी प्रभारी देवेश खुगशाल को घटना के बारे में खबर नहीं लग पाई। सूचना मिलने पर असम राइफल्स के पूर्व सैनिक अस्पताल पहुंचे। जवान के परिवार के सदस्य हाल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए पौड़ी जिले के पैठाणी गए हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button