देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा 27 जुलाई 2026 को जारी भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद उत्तराखंड के चार पर्वतीय जिलों—पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चमोली जिलों में मंगलवार 28 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह आदेश जारी किए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को इन जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा तेज बहाव की आशंका जताई गई है। इसी को देखते हुए एहतियातन स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 28 जुलाई को अवकाश रहेगा। हालांकि, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पूरक तथा परीक्षा परिणाम सुधार परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने भी जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सीबीएसई की पूरक परीक्षा और उत्तराखंड शिक्षा परिषद की सुधार परीक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्र खुले रहेंगे और परीक्षाएं यथावत संचालित होंगी।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 28 जुलाई को अवकाश घोषित किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।


More Stories
देहरादून में रेड अलर्ट के चलते कल सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, आदेश जारी
प्रदेश में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने सतर्कता बढाने के दिये निर्देश
भारी बारिश का अलर्ट, 18 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद