July 28, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

स्कूल खुलने से महज 15 मिनट पहले डीएम का आदेश, बारिश के चलते देहरादून में सभी स्कूलों में अवकाश

देहरादून। भारी बारिश और खराब मौसम के बीच देहरादून जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह स्कूल खुलने से ठीक पहले बड़ा फैसला लेते हुए जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षण संस्थान 28 जुलाई 2026 को बंद रहेंगे। यह आदेश ऐसे समय जारी हुआ जब अधिकांश स्कूल खुलने में करीब 15 मिनट का समय ही बचा था, जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के बीच असमंजस की स्थिति बन गई।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून तथा नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल (एनडीएपी) की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में जनपद के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने तथा कहीं-कहीं अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

हालांकि आदेश स्कूल खुलने के समय से ठीक पहले जारी होने के कारण कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर घर से निकल चुके थे, जबकि कुछ विद्यार्थी स्कूल परिसरों तक भी पहुंच गए थे। ऐसे में अभिभावकों को अचानक सूचना मिलने के बाद बच्चों को वापस घर ले जाना पड़ा। कई स्कूलों ने भी अभिभावकों को तत्काल मोबाइल संदेश और सोशल मीडिया के माध्यम से अवकाश की जानकारी भेजी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।

About Author