अपराध

26 टायरा कैंटर ने एसडीएम लक्सर के वाहन को मारी टक्कर, एसडीएम गंभीर रूप से घायल, चालक जवान की मौत

रुड़की : लक्सर-रुड़की मार्ग पर कैंटर ने एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया के वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में एसडीएम के चालक पीआरडी जवान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एसडीएम बुरी तरह जख्मी हो गईं। घायलावस्था में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, वहां से उन्हें देहरादून रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की मजिस्ट्रयल जांच करने के आदेश जारी किए हैं। 

इसी महीने स्थानांतरित होकर आई संगीता कनौजिया का आवास अभी हरिद्वार में है। मंगलवार को वह सरकारी वाहन से नगला इमरती होते हुए लक्सर आ रही थीं। लंढौरा से आगे सोलानी नदी के पुल के पास सामने से आ रहे 26 टायर वाले बड़े कैंटर ने सीधे उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसडीएम की गाड़ी चला रहा पीआरडी जवान गोविंद (30) पुत्र किशनराम निवासी झबरेड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिछली सीट पर बैठीं एसडीएम को भी गंभीर चोटें लगी।

दुर्घटना के बाद कैंटर चालक अपना वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया।
राहगीरों ने गाड़ी की बीच वाली खिड़की को सीधा किया और भीतर फंसीं घायल एसडीएम को बाहर निकालकर इलाज के लिए रुड़की भेजा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी हरिद्वार से घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही दुर्घटना होने की मजिस्ट्रयल जांच के आदेश जारी किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button