
देहरादून: जम्मू कश्मीर के कठुआ में सोमवार को हुए आतंकी हमले में पांच जवान शहीद हो गए। पांचों जवान उत्तराखंड के रहने वाले थे। एक साथ पांच जवानों की शहादत से राज्य में शोक की लहर है। शहीद जवानों में दो पौड़ी, गढ़वाल, दो टिहरी गढ़वाल और एक रुद्रप्रयाग जिले का है।
आतंकी हमले में जांबाज आदर्श नेगी भी शहीद हुए हैं। 26 वर्षीय आदर्श टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेती-बाड़ी का काम करते हैं। आदर्श की 12वीं तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज पिपलीधार से हुई। 2019 में वह गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हो गए। उस दौरान वह गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे।
आतंकी हमले में रुद्रप्रयाग जिले के कांडाखाल निवासी आनंद सिंह रावत भी शहीद हुए हैं। 41 वर्ष के आनंद सिंह रावत सेना में नायब सूबेदार के पद पर थे। उनकी शहादत की खबर आने के बाद परिवार में मातम का माहौल है। शहीद का परिवार देहरादून में रहता है। उनकी मां और भाई गांव में रहते हैं।

पौड़ी जिले के हवलदार कमल सिंह भी कठुआ आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। हवलदार कमल सिंह लैंसीडॉन तहसील के पापरी गांव के निवासी थे। पौड़ी गढ़वाल जिले के राइफलमैन अनुज नेगी भी कठुआ आतंकी हमले में शहीद हो गए। अनुज नेगी रिखणीखाल तालुक के डोबरिया गांव के निवासी थे। टिहरी गढ़वाल जिले के नायक विनोद सिंह भी कठुआ आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। विनोद सिंह जाखणीधार तालुक के चौन्द जसपुर गांव के रहने वाले थे। शहीद विनोद सिंह का परिवार देहरादून के भानियावालाव में रहता है।

जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले में पांच जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा करता हूं और पूर्ण विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मानवता के यह दुश्मन बख्शे नहीं जाएंगे।




