April 8, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

पुलिस अधिकारी को अपशब्द कहने पर केशव थलवाल पर मुकदमा, चौतरफा विरोध

देहरादून: पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप के खिलाफ अपशब्द कहने पर केशव थलवाल के खिलाफ शहर कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही केशव थलवाल का चौतरफा विरोध शुरू हो गया है। पुलिस अधिकारी आईजी राजीव स्वरूप के विरुद्ध अपशब्द कहने पर लोग केशव को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

सागर सोनकर निवासी चुक्खुवाला ने कोतवाली नगर को दी गई तहरीर में बताया कि 7 अप्रैल को केशव थलवाल नामक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट/पेज “केशव सिंह / जागो उत्तराखंड” पर उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप के खिलाफ अभद्र, अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट की।
आरोप है कि उक्त पोस्ट में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए अधिकारी की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस तरह की टिप्पणी न केवल संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इससे पूरे पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल होती है। साथ ही इस प्रकार की पोस्ट सोशल मीडिया पर सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने और लोगों को उकसाने का कारण बन सकती है।

उन्होंने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस तरह की भाषा का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता है और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। शहर कोतवाल हरिओम चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर केशव थलवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

केशव थलवाल के खिलाफ पहाड़ से मैदान तक विरोध प्रदर्शन
केशव थलवाल की ओर से आईजी गढ़वाल के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणी से पहाड़ से लेकर मैदान तक विरोध शुरू हो गया है। इस मामले में कुछ संगठनों ने बुधवार को शहर कोतवाली में प्रदर्शन कर केशव थलवाल को गिरफ्तार करने की मांग की है।

केशव थलवाल के आरोप निकले निराधार

केशव थलवाल की ओर से टिहरी में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र रौतेला व अन्य कर्मियों पर लगाए गंभीर आरोपों की जांच रिपोर्ट सीओ श्रीनगर अनुज कुमार ने आईजी को सौंप दी है। जांच में सभी आरोप निराधार पाए गए हैं।

About Author