देहरादून/रुद्रपुर: उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में वांछित 25,000 के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को STF और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
एसटीएफ द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई, जिसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब 9 बजे आई-10 कार में आए बदमाशों ने पहले धामी को घर से बाहर बुलाया और फिर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उनके सिर, गले और सीने में गोलियां लगीं। जान बचाने के लिए भागने की कोशिश के बावजूद बदमाशों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी थी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
राजनीतिक रंजिश में दी गई थी सुपारी
जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब 04 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। मामले में अब तक सात में से छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा फरार चल रहा था।
तकनीकी सर्विलांस से मिली सफलता
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति बनाई गई थी। तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पिछले एक महीने से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। बुधवार तड़के सूचना मिली कि आरोपी रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
आपराधिक इतिहास रहा है लंबा
गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित (32) निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह एक पेशेवर शूटर है और कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
उत्तराखण्ड STF टीम
1. निरीक्षक – एम.पी. सिंह
2. उपनिरीक्षक – प्रकाश भगत
3. हे.का – गोविन्द बिष्ट
4. का.– गुरवंत सिंह
5. का. – मोहित वर्मा
6. हे.का. – सुरेन्द्र कनवाल
7. हे.का. – दुर्गा सिंह पापड़ा *कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम*
1. प्रभारी निरीक्षक – मनोज रतूड़ी
2. उपनिरिक्षक– चन्दन सिंह बिष्ट
3. का. अमित कुमार
4. का. रघुनाथ सिंह

More Stories
106 दारोगाओं के ट्रांसफर, कुछ मैदान कुछ चढ़ेंगे पहाड़
पीएम दौरे से पहले दून से पकड़ा गया पाक एजेंट, आतंकियों को भेज रहा था लोकेशन व फ़ोटो
रिश्वतखोरी पर वार: विजिलेंस ट्रैप में फंसा उद्यान निरीक्षक