अपराध

टपकेश्वर के निकट नदी में बहे रितेंद्र की वीडियो फुटेज आई सामने, साथ गए साहिल की भूमिका संदिग्ध

देहरादून: टपकेश्वर स्थित नदी में बहे 22 वर्षीय युवक रितेंद्र राणा के स्वजनों ने उसके दोस्त साहिल हुसैन की भूमिका बताते हुए कैंट कोतवाली में तहरीर दी है। स्वजनों का आरोप है कि साहिल ने घटना के बारे में बार-बार पूछने पर भी जानकारी नहीं दी। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। घटना की वीडियो सामने आने के बाद रविवार को मृतक रितेंद्र के परिजन व बड़ी संख्या में आकाशदीप कालोनी के लोग कैंट कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।

आकाशदीप कालोनी निवासी भगवान सिंह राणा ने बताया कि उनका बेटा कौलागढ़ रोड स्थित एलपी रेजीडेंसी में तीन साल से कुक था। उसकी ड्यूटी छह बजे की थी। नौ अगस्त की शाम चार बजे उनका बेटा रितेंद्र घर पर सो रहा था। उसे एक फोन आया और वह घर से निकल गया। शाम छह बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। इससे वह घबरा गए। वह होटल पहुंचे तो पता चला कि रितेंद्र ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।

मृतक रितेंद्र राणा

शिकायतकर्ता ने बताया कि रितेंद्र के करीबी दोस्त साहिल हुसैन को फोन किया, लेकिन उसने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बार-बार फोन करने व दबाव डालने पर साहिल ने बताया कि वह दोनों टपकेश्वर मंदिर गए थे। इसके बाद भी उसने रितेंद्र के नदी में बहने की बात नहीं बताई। बाद में उन्हें पता चला कि रितेंद्र को अंतिम फोन साहिल का ही आया था, और उसी ने उसे टपकेश्वर बुलाया था। रात करीब 10 बजे वह टपकेश्वर पहुंचा, जहां लोगों ने बताया कि शाम के समय एक 22 साल का युवक नदी में बहा है।

मंदिर समिति से आग्रह करने पर सीसीटीवी फुटेज देखी तो उससे पता चला कि बहने वाला युवक रितेंद्र ही था। उसकी कमीज से उसकी पहचान हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में साहिल हुसैन की भूमिका संदिग्ध लग रही है। ऐसे में घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस दौरान क्षेत्रवासी मुकेश शर्मा, विनोद, सुरेश, वीरेंद्र नौटियाल ने मांग की है कि साहिल से गहनता से पूछताछ की जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतक के पिता की ओर से शिकायत दी गई है, इसकी जांच करवाई जा रही है। जांच में जो भी बात सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button