April 9, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

रिश्वतखोरी पर वार: विजिलेंस ट्रैप में फंसा उद्यान निरीक्षक

हल्द्वानी। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निरीक्षक बादल पाण्डे पर काश्तकारों के आम के पेड़ों को काटने की अनुमति देने के एवज में 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था।

मामले में शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे हैं, जिन्हें काटने के लिए उद्यान विभाग से अनुमति आवश्यक है। आरोप था कि अनुमति देने के बदले ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत की जांच के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके आधार पर थाना सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में एक ट्रैप टीम गठित की गई। ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से गुरुवार को किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी निरीक्षक बादल पाण्डे को शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1064 पर दें।

About Author