April 23, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

रुद्रप्रयाग में हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग : जनपद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मिली जानकारी के अनुसार, 22 और 23 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि करीब 11:54 बजे SDRF नियंत्रण कक्ष को हादसे की सूचना प्राप्त हुई। बताया गया कि एक कार भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में समा गई।

सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अंधेरा और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान पता चला कि वाहन में तीन लोग सवार थे। SDRF टीम ने जोखिम भरे हालात में खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। खबर लिखे जाने तक एक शव को निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा चुका था, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी था।

मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष) निवासी औरिंग, अमित सिंह (35 वर्ष) और अंशुल (28 वर्ष) निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। सभी मृतक रुद्रप्रयाग जनपद के रहने वाले थे। स्थानीय पुलिस और प्रशासन भी मौके पर मौजूद हैं और SDRF के साथ मिलकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

About Author