April 19, 2025

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

Big News: दारोगा स्तर के 58 थाने इंस्पेक्टर स्तर के थानों में होंगे परिवर्तित

Spread the love

देहरादून: थानाध्यक्ष बनने का सपना देखने वाले दारोगाओं का इंतजार और बढ़ने वाला है। प्रदेश के उप निरीक्षक स्तर के 58 थाने अब निरीक्षक स्तर के थानों में परिवर्तित हो जाएंगे। गृह विभाग के इस प्रस्ताव को कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे दारोगाओं का थानाध्यक्ष बनने का सपना अब सपना ही रह जाएगा।

प्रदेश में इस समय कुल 166 थाने हैं। इनमें से निरीक्षक स्तर के थानों की संख्या 54 और उप निरीक्षक स्तर के थानों की संख्या 112 है। अभी प्रदेश में भारत न्याय संहिता लागू हो चुकी है। इसमें कई अहम मामलों में जांच का अधिकार केवल निरीक्षकों को ही दिया गया है। ऐसे में विभिन्न जिलों के बड़े और अहम उप निरीक्षक स्तर के थानों में घटित घटनाओं की जांच के लिए दूसरे स्थानों से निरीक्षकों को लाने की आवश्यकता महसूस हो रही थी।

इसे देखते हुए हर जिले के महत्वपूर्ण उप निरीक्षक स्तर के थानों का उच्चीकरण करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए 58 थानों का चिह्नीकरण करते हुए निरीक्षक स्तर पर उच्चीकृत किए जाने पर सहमति बनी। इससे निरीक्षक स्तर के थानों की संख्या 112 हो जाएगी। उच्चीकृत किए गए थानों की कमान पहले से ही निरीक्षक स्तर का वेतन प्राप्त कर रहे उप निरीक्षकों को सौंपा जाएगा। इस संबंध में गृह विभाग द्वारा विस्तृत प्रस्ताव बनाया गया था। इसमें यह भी बताया गया कि इन थानों के उच्चीकरण करने से अलग से कोई वित्तीय भार नहीं आएगा। वित्त व न्याय का परामर्श मिलने के बाद गृह विभाग ने यह प्रस्ताव कैबिनेट के सम्मुख रखा था। जिसे कैबिनेट ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है।

इन जिलों में थानों का होगा उच्चीकरण

  • देहरादून: नेहरू कालोनी, रायपुर, राजपुर, रायवाला, सहसपुर, कालसी, प्रेमनगर, चकराता।
  • हरिद्वार: श्यामपुर, कनखल, पथरी, बहादराबाद, भगवानपुर, झबरेड़ा, खानपुर, कलियर, सिडकुल।
  • उत्तरकाशी: उत्तरकाशी कोतवाली, धरासू, बड़कोट, हर्षिल।
  • टिहरी: चंबा, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग, घनसाली, कैंपटी।
  • चमोली: गोपेश्वर , गोबिंदघाट, गैरसैंण।
  • रुद्रप्रयाग: ऊखीमठ, गुप्तकाशी, अगस्त्यमुनि
  • पौड़ी: श्रीनगर, लक्ष्मणझूला
  • नैनीताल: काठगोदाम, कालाढूंगी, तल्लीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर, मुखानी, बनभूलपुरा।
  • ऊधम सिंह नगर: कुंदा, गदरपुर, पंतनगर, नानकमत्ता, ट्रांजिट कैंप, आइटीआइ।
  • अल्मोड़ा: द्वाराहाट, सोमेश्वर, चौखुटिया ,महिला थाना।
  • बागेश्वर: बैजनाथ, कौसानी
  • पिथौरागढ़: बेरीनाग, झूलाघाट, मुनस्यारी, गंगोलीहाट।
  • चंपावत: टनकपुर

About Author