अपराध

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 30 करोड़ रुपये का चूना लगाने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

देहरादून: शेयर मार्केट सहित अन्य स्कीमों में धनराशि इन्वेस्ट कर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से 30 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले तीन साल से फरार चल रहे थे, जिसके चलते दोनों भाइयों पर इनाम घोषित किया गया है। पिथौरागढ़ पुलिस के साथ-साथ सीबीसीआइडी की टीम आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी।

एसटीएफ के एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि जगदीश बोरा व कमलेश बोरा निवासी ग्राम गराली पोस्ट गराली थाना जौलजीवी जिला पिथौरागढ़ वर्तमान निवासी बलजीत नगर निकट अब्बू पार्क लाल मंदिर थाना पटेलनगर नई दिल्ली ने वर्ष 2019 से पिथौरागढ़ क्षेत्र के भोले-भाले व्यक्तियों को शेयर मार्केट व अलग-अलग स्कीमों में धनराशि निवेश कर अत्यधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 40 से 50 व्यक्तियों से करीब 30 करोड़ रुपये हड़प लिए। निवेशकों ने जब धनराशि वापस मांगनी चाही तो बताया जाता था कि उनकी धनराशि शेयर मार्केट में लगी है। अभी बाजार बढ़ने पर मुनाफा होने पर धनराशि वापस मिल जाएगी।

इसके साथ ही आरोपितों ने कुछ व्यक्तियों से हल्द्वानी में सस्ते दाम में जमीन दिलाने के नाम पर एडवांस में रुपये लेकर उनसे ठगी की। दोनों भाइयों के साथ-साथ 17 व्यक्तियों का गैंग बना हुआ था। गैंग के सदस्यों के विरुद्ध जनपद पिथौरागढ में अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जोकि लंबे समय फरार थे और जगदीश बोरा 25 हजार जबकि कमलेश बोरा पर 10 हजार रुपये इनाम घोषित था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button