
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल को भतीजे समेत भेजा गया जेल, त्योहार से ठीक पहले हुई गिरफ्तारी, हत्या, हत्या के प्रयास और बलवे समेत कई संगीन मामलों में नाम, बरेली में रह चुका है गैंगस्टर
देहरादून: दीपावली पर घर रोशन होंगे, खुशियां बांटी जाएंगी और आतिशबाजी के बीच त्योहार का जश्न मनेगा, लेकिन गिरधारी लाल साहू के हिस्से इस बार जेल की चारदीवारी आई है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति साहू को दून पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। भतीजे सतेंद्र राठौर को भी जेल भेजा गया है। यानी दीपों के इस त्योहार पर साहू को घर की रौनक नहीं, जेल की सलाखों के पीछे रात गुजारनी होगी।
साहू का आपराधिक इतिहास भी कम लंबा नहीं है। पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा समेत विभिन्न अपराधों के 44 मुकदमे दर्ज हैं। बरेली में वह गैंगस्टर भी रह चुका है। ऐसे में गिरफ्तारी के बाद जेल पहुंचा साहू इस बार दीपावली पर अपने घर-परिवार से दूर रहेगा।
फिलहाल पुलिस की जांच का दायरा उसके कारोबारी मामलों तक भी पहुंच गया है। चार कंपनियों के दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन और आयकर रिटर्न खंगाले जा रहे हैं। एसआइटी आगे की पूछताछ के लिए साहू की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी में है। त्योहार पर बाहर दीप जलेंगे, मगर साहू की दीपावली इस बार जेल के भीतर ही गुजरेगी।




