देश विदेश

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह लोग थे सवार

बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच हादसा, चट्टान पर गिरने के बाद हेलीकॉप्टर में लगी आग; एसडीआरएफ की टीम रवाना

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच बदरीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय हो गया। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां आने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच अचानक हादसा हो गया। हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ की टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही राहत एवं बचाव कार्य तथा यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

प्रशासन की ओर से फिलहाल हादसे में हताहतों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button