
देहरादून: राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होने वाली एकता परेड का उत्तराखंड पुलिस की ओर से प्रदेश के सभी पुलिस थानों में सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के संदेश को राज्य के सुदूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय जनसमुदाय, प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, तथा सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिकों की विशेष सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि कार्यक्रम के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रदेश के जनपदों में दायित्व आवंटित किए गए हैं। एडीजी वी मुरूगेशन देहरादून, एडीजी एपी अंशुमान- नैनीताल, आइजी विम्मी सचदेवा हरिद्वार, आइजी रिधिम अग्रवाल देहरादून, आइजी कृष्ण कुमार वीके ऊधमसिंह नगर, आइजी नीलेश आनंद भरणे पौड़ी गढ़वाल, आइजी राजीव स्वरूप टिहरी गढ़वाल, आइजी अनन्त शंकर ताकवाले अल्मोड़ा, आइजी सुनील कुमार मीणा उत्तरकाशी, आइजी योगेन्द्र सिंह रावत चम्पावत, आइजी बरिन्दरजीत सिंह रुद्रप्रयाग, डीजीआइ धीरेन्द्र गुंज्याल चमोली तथा डीआइजी यशवंत सिंह पिथौरागढ़ को दायित्व सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी आवंटित जनपदों में उपस्थित रहकर प्रातः पुलिस लाइंस में आयोजित परेड में प्रतिभाग कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। सभी जनपदों में पुलिस कर्मियों के साथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सायंकाल 5.30 बजे सभी थानों में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ प्रधानमंत्री की उपस्थिति में गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड’ का सीधा प्रसारण साझा किया जाएगा। इसके उपरांत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पुलिस एवं आमजन के मध्य आपसी समन्वय, सहयोग एवं विश्वास को सुदृढ़ करने, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने तथा साइबर अपराध, आनलाइन धोखाधड़ी एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।




