अपराध

जिस्मफरोशी गिरोह का पर्दाफाश, 03 महिलाओं सहित चार गिरफ्तार

व्हाट्सएप पर ग्राहकों को भेजी जाती थी युवतियों की फोटो, डिमांड पर बुलाती थी महिलाएं

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में किराये के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संस्कृति लोक कॉलोनी स्थित एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने वाली महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी महिला व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उन्हें महिलाओं की फोटो भेजकर उनकी पसंद के अनुसार कमरे में बुलाती थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी में किराये का कमरा लेकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। पुलिस टीम ने मकान में छापेमारी की।

दो कमरों में मिलीं महिलाएं
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नकदी भी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने वाली महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी अजमीरा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह बाहरी जिलों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का धंधा संचालित कर रही थी। ग्राहकों से फोन के माध्यम से संपर्क करने के बाद उन्हें व्हाट्सएप पर महिलाओं की फोटो भेजी जाती थी। ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे में बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराया जाता था।

चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) के रूप में की है। अजमीरा और शेख अजीजल संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला के निवासी बताए गए हैं। रजनी ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर क्षेत्र और अन्नू हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र की निवासी है। चारों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button