देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र के पौंधा रोड स्थित लोअर कंडोली में मंगलवार देर रात तेज बरसाती बहाव के चलते एक क्रेटा कार नदी में बह गई। हादसे के समय वाहन में यूपीईएस के तीन छात्र-छात्राएं सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रेमनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास राजस्थान नंबर की क्रेटा कार तेज बरसाती बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ व पुलिस टीम ने रेस्क्यू चलाया। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच जवानों ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम को पता चला कि वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं।
रातभर चले अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज बवेजा को घायल अवस्था में बरामद कर लिया। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद एसडीआरएफ ने नदी और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग जारी रखी। अभियान के दौरान वाहन में सवार अक्षय उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही एक अन्य युवती का शव भी टीम को मिला, जिसकी पहचान की जा रही है। दोनों शवों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

More Stories
बडोवाला में बैंककर्मी पर दबंगों ने झोंका फायर, गोली कर्मी के पेट को छूकर निकली
रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में ED की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नवीन मित्तल को दबोचा
फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का पर्दाफाश, STF ने गन हाउस के मालिक को किया गिरफ्तार