September 23, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

राजपुर थाना पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा वार, सिद्धू गैंग के छह पैडलर किए गिरफ्तार

देहरादून। महंगे शौक पूरे करने की चाहत छह छात्रों को नशे के कारोबार तक ले गई। तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे इन युवाओं ने दिल्ली के सिद्धू गैंग से जुड़कर देहरादून में हाईप्रोफाइल ड्रग एमडीएमए की सप्लाई शुरू कर दी। राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपये कीमत की 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है।

एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, मुख्यमंत्री की ड्रग्स फ्री देवभूमि की मुहिम के तहत व एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितंबर की रात राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट व उनकी टीम ने एएनटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास एक कार को रोका। कार में सवार चार युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से 27.12 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगाई और चिराग रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास भी कार्रवाई की। यहां से अभिषेक थापा और वैभव ममगाई को पकड़ा गया। दोनों के कब्जे से 17.49 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई।

कॉलेज छात्रों को बेचते थे महंगी कीमत पर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देहरादून के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं और देहरादून समेत अन्य राज्यों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से तकनीकी कोर्स कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे। सिद्धू या उसके एजेंट देहरादून आकर उन्हें एमडीएमए उपलब्ध कराते थे। कई बार आरोपी खुद दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी ड्रग लेकर देहरादून लौटते थे।
पुलिस का दावा है कि आरोपी एमडीएमए को विशेष रूप से कॉलेज छात्रों को ऊंची कीमत पर बेचते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल अपने महंगे शौक पूरे करने में करते थे।
अलग-अलग मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राजपुर थाने में एनडीपीएस के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने एमडीएमए के अलावा एक इग्निस कार और 12 पॉलिथीन पैकेट भी बरामद किए हैं। पुलिस अब सिद्धू गैंग से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

About Author