देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर 16 सितंबर को प्रदेशभर में वृहद स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यूपीसीएल के विभिन्न कार्यालयों में होने वाले इन शिविरों में निगम के अधिकारी और कर्मचारी स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
यूपीसीएल की ओर से जारी परिपत्र के मुताबिक देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान की व्यवस्था की गई है। इसके लिए संबंधित ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में प्रतिभाग कर स्वेच्छा से रक्तदान करें।
देहरादून में गबर सिंह ऊर्जा भवन में शिविर
देहरादून में विक्टोरिया क्रॉस विजेता गबर सिंह ऊर्जा भवन में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सुभारती हॉस्पिटल, देहरादून के ब्लड बैंक को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के माध्यम से भी रक्तदान की व्यवस्था की गई है। संबंधित ब्लड बैंक के प्रतिनिधियों और यूपीसीएल के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चार जिलों में अलग-अलग ब्लड बैंकों से समन्वय
परिपत्र में हरिद्वार, हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में भी रक्तदान शिविर के लिए संबंधित ब्लड बैंकों को चिह्नित किया गया है। हरिद्वार क्षेत्र में उत्तराखंड ब्लड सेंटर, जबकि हल्द्वानी क्षेत्र में निर्धारित ब्लड सेंटर के माध्यम से रक्तदान की व्यवस्था की गई है। रुद्रपुर में भी संबंधित ब्लड बैंक के साथ समन्वय कर शिविर आयोजित किया जाएगा।
यूपीसीएल ने शिविर में शामिल होने वाले कर्मचारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ब्लड बैंक के सदस्यों के लिए जलपान आदि की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। निगम ने संबंधित अधिकारियों को शिविर की जानकारी अधिक से अधिक कर्मचारियों तक पहुंचाने और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनहित से जोड़ते हुए यूपीसीएल की यह पहल रक्त की जरूरत वाले मरीजों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। निगम की अपील है कि अधिकारी और कर्मचारी आगे बढ़कर रक्तदान करें और एक यूनिट रक्त से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने की मुहिम में भागीदार बनें।

More Stories
सड़क किनारे पत्थर बना ‘रक्षक’, तकनीकी खराबी के कारण बेकाबू हो गई थी बस
उत्तराखंड में आज से शुरू होगी सीएम युवा भविष्य निर्माण योजना, घर बैठे मिलेगी कोचिंग
बिना मान्यता संचालित मदरसों पर धामी सरकार की कार्रवाई, दून और हल्द्वानी में कराए बंद