अपराध

बडोवाला में बैंककर्मी पर दबंगों ने झोंका फायर, गोली कर्मी के पेट को छूकर निकली

देहरादून: बडोवाला क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने स्कूटी सवार युवक बैंककर्मी पर फायर झोंक दिया। गोली उनके दाएं तरफ पेट के नीचे मांस को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद घायल बैंककर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घायल की पहचान सत्यम चौहान के रूप में हुई है। वह उज्जीवन बैंक में क्रेडिट आफिसर के रूप में काम करते हैं। मूल रूप से बिजनौर निवासी सत्यम मंगलवार शाम को अपनी बहन साक्षी चमोली के साथ स्कूटी से घर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों बडोवाला क्षेत्र में डीएसपी चौक से कुछ दूरी पर पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और सत्यम को निशाना बनाकर फायर कर दिया।

अचानक हुई फायरिंग से सत्यम और उसकी बहन घबरा गए। उन्होंने तुरंत स्कूटी रोकी ओर पीछे की तरफ भागे जहां काफी संख्या में लोग एकत्र थे। गोली सत्यम के दाएं तरफ पेट के नीचे मांस को छूते हुए निकल गई। फायरिंग के बाद बाइक सवार दोनों हमलावरों ने कुछ दूरी तक सत्यम का पीछा भी किया, और दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया लेकिन फायर मिस हो गया। आसपास भीड़ जुटने पर वे बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीओ सदर अंकित कंडारी, पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई, शहर कोतवाल केसी भट्ट, थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन मोहन सिंह व एसओजी की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button