
देहरादून। देहरादून पुलिस में कार्यरत उप निरीक्षक कुन्दन राम के निरीक्षक (नागरिक पुलिस) पद पर पदोन्नत होने के अवसर पर बुधवार को पुलिस कार्यालय में गरिमामय पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने उन्हें निरीक्षक पद के बैज लगाकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने निरीक्षक कुन्दन राम के अब तक के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
एसएसपी ने उन्हें पुलिस विभाग की गरिमा बनाए रखते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा ही किसी भी पुलिस अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान होती है और इन्हीं गुणों के आधार पर वह समाज का विश्वास अर्जित करता है।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी निरीक्षक कुन्दन राम को पदोन्नति पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और गरिमामय रहा, जहां पदोन्नत अधिकारी ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।




