अपराध

रिंग रोड शराब ठेके के बाहर फायरिंग, दो युवक गोली लगने से घायल, एक गिरफ्तार

दो पक्षों के विवाद में चली दो राउंड गोलियां, एक आरोपी हिरासत में; अन्य की तलाश में चार पुलिस टीमें सक्रिय

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र शराब ठेके के बाहर शुक्रवार रात हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हुई फायरिंग में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे छह नंबर पुलिया से आगे रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर हुई। यहां कुछ लोग कैंटीन में बैठकर शराब पी रहे थे। राजीव नगर निवासी नवीन राणा अपने दोस्त के साथ कैंटीन में मौजूद था। वह बाहर निकला तो वहां दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। नवीन जैसे ही वापस अंदर जाने लगा, तभी अचानक एक के बाद एक दो राउंड फायरिंग हुई।
पहली गोली नवीन राणा के कंधे पर लगी, जो मांस को चीरते हुए बाहर निकल गई। वहीं दूसरी गोली पास में खड़े बिजनौर निवासी कैनेन्द्र के पैर में लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर भगदड़ मच गई और हमलावर वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सीओ वंदना वर्मा, रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार, एसआई संदीप कुमार, धनीराम पुरोहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। नवीन राणा को कैलाश अस्पताल और कैनेन्द्र को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस ने फायरिंग की घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button