देश विदेश

कार एसेसरीज गोदाम में भीषण आग, 25 लोगों को सुरक्षित निकाला

देहरादून: चंदन नगर क्षेत्र स्थित चौहान मार्केट में एक कार एसेसरीज गोदाम में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। फायर स्टेशन से पहुंची टीमो की बदौलत सूझबूझ और साहसिक रेस्क्यू अभियान के चलते बड़ा हादसा टल गया। अग्निशमन दल ने गोदाम में मौजूद 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सोमवार शाम 5:22 बजे फायर स्टेशन देहरादून को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि गोदाम में गद्दे, सीट कवर, प्लास्टिक और अन्य अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया और अंदर काम करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।

फायर कर्मियों ने हालात की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। घने धुएं और तेज गर्मी के बीच टीम ने गोदाम में फंसे 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लेने के कारण किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ी त्रासदी टल गई। रेस्क्यू पूरा होने के बाद अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां, 30 से 40 फायर कर्मी, लगभग 50 हजार लीटर पानी और 500 लीटर फोम का इस्तेमाल किया गया। फोम के उपयोग से ज्वलनशील सामग्री में लगी आग को नियंत्रित करने में काफी मदद मिली।

पुलिस अधीक्षक सिटी प्रमोद कुमार व अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी के नेतृत्व में अभियान को सुनियोजित ढंग से संचालित किया गया। टीम ने पहले लोगों को सुरक्षित निकाला, फिर आग को फैलने से रोकने और अंत में कूलिंग आपरेशन पर काम किया। आग आसपास स्थित होटल, अन्य गोदामों और इमारतों तक न फैले, इसके लिए विशेष रणनीति अपनाई गई। आग के मुख्य हिस्से तक पहुंच बनाने के लिए एक होटल की दीवार में छेद भी किया गया, जिससे अंदर तक पानी और फोम पहुंचाकर आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सका।

करीब आठ घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान में फायर कर्मी लगातार मोर्चे पर डटे रहे। घना धुआं, तेज गर्मी, फिसलन भरा फर्श और बेहद कम दृश्यता जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य किया। देर रात तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button