June 3, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश, कोबरा गैंग के दो विदेशी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

देहरादून: एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत राजपुर थाना पुलिस ने कोकीन तस्करी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें सूडान के दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े ड्रग पैडलर राजपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली हाई प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने पहुंचे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट ने टीम सहित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिक माइकल इक्का व लीविक्री वानिकी मूल निवासी सूडान व वर्तमान निवासी पंजाबी कॉलोनी हरिद्वार बायपास रोड निकट आईएसबीटी को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया। वहीं ओल्ड मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के पास एक कार से जावेद आलम नामक आरोपी को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ दबोच लिया गया।

पूछताछ में विदेशी आरोपियों ने खुद को कोबरा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने बताया कि कोकीन दिल्ली से लाकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई की जाती है। वह देहरादून में होने वाली पार्टियों में नशे की खेप खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी और कार को भी सीज कर दी है। राजपुर पुलिस इससे पहले भी कोबरा गैंग के 13 सदस्यों समेत कई तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी ने सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अब मामले में सामने आए अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।

About Author