टिहरी: आगामी चारधाम यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल की एसएसपी श्वेता चौबे ने पदभार संभालते ही ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यात्रा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील और क्षतिग्रस्त स्थानों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने बगड़धार, दुआधार और ताछला जैसे लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग (PWD), सीमा सड़क संगठन (BRO) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इन bottlenecks को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भद्रकाली, तपोवन और मुनि की रेती जैसे यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों का भी निरीक्षण किया गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों और पार्किंग स्थलों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, पर्याप्त रोशनी और स्वच्छ शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षित और सुचारू यातायात संचालन के लिए पुलिस के साथ-साथ पीआरडी और होमगार्ड के अतिरिक्त जवानों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भूस्खलन की स्थिति में बंद सड़कों को तुरंत खोलने के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों को तैयार रखने और उनके ऑपरेटरों के संपर्क नंबर संबंधित थानों और कंट्रोल रूम में अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तक सड़क मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराने को कहा गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखने और यात्रियों को जागरूक करने के लिए पर्याप्त साइन बोर्ड, बैरियर और चेतावनी संकेत लगाने के भी निर्देश दिए गए। एसएसपी श्वेता चौबे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।

More Stories
धामी सरकार का जबरदस्त एक्शन, 03 वरिष्ठ अधिकारियों को हटाया
क्रिकेट सितारों का जमावड़ा: रोहित शर्मा, सूर्यकुमार, रिंकू और जडेजा पहुंचेंगे उत्तराखंड
राष्ट्रीय मंच पर गूंजा उत्तराखंड पुलिस का नाम, लोकजीत सिंह को स्कॉच अवार्ड का सम्मान