देहरादून। लंबे समय से चल रही उठापटक और विवादों के बीच अंततः भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड राज्य शाखा के नव-निर्वाचित चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर संवैधानिक रूप से मीडिया की मौजूदगी में कार्यभार संभाल लिया।
कार्यभार ग्रहण समारोह में वाइस चेयरमैन मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष मोहन खत्री, तथा ब्रांड एंबेसडर मनीष कसनियाल मौजूद रहे। औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए चेयरमैन को कार्यालय का कार्यभार सौंपा गया।
चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने कहा कि रेडक्रॉस के सात मूलभूत सिद्धांतों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और सोसाइटी की सभी मानवीय सेवाओं को संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “यदि कोई अवरोध उत्पन्न होता है तो उसे भी संविधानिक प्रक्रिया के तहत ही दूर किया जाएगा।”
इसके बाद चेयरमैन ने सभी कर्मचारियों की बैठक लेकर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक कार्मिक को सदस्यता अभियान को गति देने, तथा ट्रेनिंग प्रोग्रामों को युद्ध स्तर पर प्रारंभ करने के निर्देश दिए। सभी को निर्धारित लक्ष्य भी सौंपे गए, जिनकी समीक्षा 10 दिनों के भीतर की जाएगी।
सर्दियों की शुरुआत को देखते हुए चेयरमैन ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि नेशनल हेडक्वार्टर से प्राप्त कंबलों का वितरण शीघ्रता से विभिन्न जिलों में जरूरतमंदों तक पहुँचाया जाए, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
इस अवसर पर उप सचिव हरिश्चंद्र शर्मा, मुंशी चोमवाल, आशीष नेगी, प्रीति, राजकुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
उत्तराखंड के तीन पुलिस कप्तानों का राष्ट्रीय स्तर पर डंका, टॉप-100 में बनाई जगह
स्वतंत्रता दिवस पर ‘उत्कृष्ट सेवा व उल्लेखनीय कार्य’ करने वाले 154 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित
चमोली: टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने से श्रमिक फंसे, रेस्क्यू जारी