अपराध

नकल माफिया पर शिकंजा: प्रतियोगी परीक्षा में पकड़े गए 17 मुन्नाभाई, ब्लूटूथ से कर रहे थे नकल

देहरादून: नकलमाफ़िया पर शिकंजा कसने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चलाए अभियान को साकार करते हुए दून पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षा में नकल करते 17 मुन्नाभाई गिरफ्तार किए हैं। केंद्रीय एजेंसी (सीबीएसई) की ओर से आयोजित नवोदय विद्यालय समिति व लैब अटेंडेंट की प्रतियोगी परीक्षा के दौरान दून पुलिस ने दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ 17 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। अभ्यर्थियों से जूते व अन्य जगहों पर छुपाई गई 17 इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई। आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पटेल नगर व डालनवाला कोतवाली में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों में परीक्षाएं थी जिसके चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए। पंकज नौटियाल, केंद्र अधीक्षक व प्रधानाचार्य, सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित शिकायत दी कि उन स्कूल में सीबीएसई बोर्ड की ओर से दो पालियों में अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित कराई गई थी। प्रथम पाली में आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के दौरान एक अभ्यार्थी के पास से इलेक्ट्रानिक डिवाइस बरामद हुई, जोकि उसने अपने जूते में छुपाई गई थी। वहीं द्वितीय पाली में आयोजित नवोदय विद्यालय समिति व लैब अटेंडेंट की परीक्षा के दौरान सात अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया। यह सभी अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा के दौरान नकल के लिए इलेक्ट्रानिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र में लाया गया था। केंद्र अधीक्षक की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर तत्काल कोतवाली पटेलनगर में दो मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए सभी आठ अभ्यर्थियो को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार अभ्यर्थियों में सौरभ यादव निवासी आजमगढ़ उत्तर प्रदेश, अमन निवासी हिसार हरियाणा, रोबिन व नीरज मान दोनों निवासी बागपत उत्तर प्रदेश, अक्षय मान निवासी सिनौली बागपत उत्तर प्रदेश,
मोहित कुमार निवासी ग्राम बड़कला जींद हरियाणा, अंकुश निवासी हिसार हरियाणा व मनीष मलिक निवासी निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

डालनवाला कोतवाली ने पकड़े 09 नकलची
दूसरी ओर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने परीक्षा के दौरान नकल करने वाले 09 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। आरएस बिष्ट, केंद्र व्यस्थापक, दून इंटरनेशनल स्कूल ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर कि रविवार को दून इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई बोर्ड की ओर से प्रतियोगी परीक्षा आयोजित कराई गई थी। परीक्षा की द्वितीय पाली में आयोजित नवोदय विद्यालय समिति व लैब अटेंडेंट की परीक्षा के दौरान 09 अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया। अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा के दौरान नकल के लिए इलेक्ट्रानिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र में लाया गया था। तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में सभी 09 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों में मदनाला पवन निवासी गोरकाला वानी तोतलो थाना पलासा जिला श्रीकाकूलम, जिला आंध्र प्रदेश, राकेश निवासी धनखड़ी कुचियारा, जिला जींद, हरियाणा, अंकुर ग्रेवाल निवासी ससरोली थाना -सदर जिला -झज्जर, हरियाणा, इल्लूमला वेंकटेश निवासी नेहरू वीडी थाना पलासा जिला श्रीकाकुलम आंध्र प्रदेश, साहिल निवासी खेड़ी दमकल जिला- सोनीपत हरियाणा, कपिल निवासी चमारियान तहसील रोहतक थाना सदर, जिला -रोहतक, हरियाणा, अखिल निवासी विजयनगर तहसील जींद जिला जींद, हरियाणा, विशाल निवासी सिंधुवाखास थाना-बास जिला हिसार, हरियाणा और ज्योति निवासी ढोकी चरखी दादरी थाना-चरखी दादरी जिला- भिवानी, हरियाणा शामिल हैं। पकडे गये परीक्षार्थियों से पुलिस व एसओजी गहन पूछताछ कर रही है।

कैंट कोतवाली ने भी पकड़ा एक मुन्नाभाई

कैंट कोतवाली पुलिस ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे मुन्नाभाई को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि रविवार को सीबीएसई की ओर से लैब अस्सिस्टेंट की परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा केंद्रीय विद्यालय एफआरआई में बनाए गए परीक्षा केंद्र में चल रही थी। द्वितीय पाली में आयोजत परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी सौरभ सिंह के स्थान पर एक अन्य व्यक्ति चन्द निवासी नगला गोकुल पोस्ट चंद्रावर फिरोजाबाद परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। आरोपी बायोमेट्रिक उपस्थिति से मिलान न होने पर पकड में आया, जिसके विरुद्ध केंद्रीय विद्यालय एफआरआई के केंद्राध्यक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर उत्तराखंड राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून की तर्ज पर केंद्र द्वारा लागू किए गए नए सख्त कानून के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button