August 23, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

ऋषिकेश में ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का खौफ खत्म, गैंग लीडर जग्गा समेत 03 दबोचे

ऋषिकेश। भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वयं को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश यशपाल बिष्ट की देखरेख में बनी टीम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के चार सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में नामजद एक अन्य आरोपी रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में एक गिरोह संचालित कर रहा था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य भूमि और पारिवारिक विवादों में जबरन हस्तक्षेप करते थे। पक्षकारों को डरा-धमकाकर अपने प्रभाव में लेने के साथ विवादों को जबरन सुलझाने का प्रयास किया जाता था। लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर वसूली और ब्लैकमेलिंग भी की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथी लोगों के घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहे हैं। गिरोह ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था, जिसके चलते कई लोग इनके खिलाफ शिकायत करने या कानूनी कार्रवाई कराने से भी डरते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, घर में घुसकर हमला, आबकारी अधिनियम, पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने और इनके कारण आम लोगों में भय एवं असुरक्षा की स्थिति पैदा होने को देखते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर सक्षम न्यायालय से अनुमोदन प्राप्त किया।
इसके बाद कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा, उसके साथी प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड बरामद किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी इसी बोर्ड के जरिए लोगों के बीच अपना प्रभाव और भय कायम करने का प्रयास करता था।
गिरफ्तार आरोपियों में 39 वर्षीय जगजीत उर्फ जग्गा निवासी मायाकुंड, चंद्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश गैंग लीडर है। उसके अलावा 20 वर्षीय प्रणव उर्फ राघव बत्रा निवासी सोमेश्वर नगर और 27 वर्षीय दीपेश कुमार निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल ऋषिकेश को गैंग सदस्य के रूप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में नामजद रवि गुप्ता निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को ऋषिकेश क्षेत्र में संगठित अपराध और दबंगई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त ऐसे गिरोहों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

About Author