देहरादून: भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र चोरी करने वाले पंजाब (पटियाला) के अंतरराज्यीय गैंग का देहरादून की पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को हरिद्वार बाईपास रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन सोने की चेन, 10 हजार रुपये की नकदी, चेन काटने वाला कटर और घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद हुई है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को जीएमएस रोड स्थित वायसराय ग्रेंड होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी हुए थे। मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई की देखरेख में पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की जानकारी जुटाई।
जांच में पंजाब के पटियाला क्षेत्र के चर्चित चेन चोर गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 19 अगस्त को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य एक अन्य वारदात के इरादे से देहरादून पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर होने वाली भागवत कथाओं की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद गिरोह के सदस्य धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भजन-कीर्तन करने का बहाना बनाते और भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं की चेन काट लेते थे। वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य वाहन में इंतजार करते थे और सभी मौके से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय सिंह, गुरुप्रीत सिंह, हरजिन्दर कौर उर्फ रानी और पूजा कौर उर्फ लाडी, सभी निवासी (समाना) पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

More Stories
वसंत विहार में पुलिस व बदमाश के बीच मुठभेड़, चेन स्नैचर के पैर में लगी गोली
विजिलेंस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक दिन में दो रिश्वतखोर पकड़े
सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत लेते कोटद्वार निवासी कृषि अधिकारी गिरफ्तार