शिक्षा

उत्तराखंड बोर्ड: हाईस्कूल-इंटरमीडिएट छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन को बदला नियम, अब होंगे ऑनलाइन पंजीकरण

देहरादून: उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड अब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लिए सिर्फ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करेगा। अब तक स्कूलों में नौवीं से ही बोर्ड परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाता था। अब ऑनलाइन सुविधा से परीक्षार्थियों की सही जानकारी विद्यालयी शिक्षा बोर्ड के पास उपलब्ध रहेगी।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के गठन के बाद से बोर्ड परीक्षार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया ऑफलाइन थी। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करने में एक से दो माह का समय लग जाता था। बोर्ड के सभापति आरके कुंवर ने मंगलवार को बताया कि हर साल जुलाई और अगस्त में बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों का पंजीकरण होता है।

इसके लिए बोर्ड से स्कूलों को ओएमआर शीट भेजी जाती है। स्कूल स्तर से ओएमआर शीट को बीईओ ऑफिस में जमा किया जाता था। वहां से सीईओ दफ्तर पहुंचने के बाद यह वापस बोर्ड ऑफिस में पहुंचती थीं और फिर परीक्षार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जाता था। अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होने से स्कूल संचालक हाथोंहाथ यह कार्य कर सकते हैं।

बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन होने से छात्र-छात्राओं के संबंध में सही जानकारी नहीं मिल पाती थी। ओएमआर शीट भरते वक्त भी परीक्षार्थी अपनी जानकारी जैसे पता, जाति आदि गलत भर देते थे। परीक्षा देने के बाद भी संबंधित परीक्षार्थी को अंक तालिका सुधरवाने के लिए बोर्ड ऑफिस आना पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button