जिला प्रशासन

हीट वेव का असर, 27 अप्रैल को सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए निर्देश

देहरादून : भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सविन बंसल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और NDMA के अलर्ट के अनुसार देहरादून में इन दिनों अत्यधिक तापमान और लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को भी भीषण गर्मी जारी रहने की चेतावनी दी है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। विशेष रूप से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखते हुए सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है कि अस्पतालों में गर्मी से प्रभावित मरीजों के लिए पर्याप्त दवाएं, ठंडा पेयजल, ORS और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहें। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। यह फैसला जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button