राजनीति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, जांच की मांग, यह है पूरा मामला

देहरादून: सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत के साथ विवाद के बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को जांच के लिए सीएम दरबार में दस्तक दे दी। गोदियाल ने सीएम को ज्ञापन देते हुए अपने और सहकारिता मंत्री पर लगे आरोपों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि यदि जांच न की गई तो एक हफ्ते बाद वो सीएम आवास के बाहर धरना शुरू कर देंगे।

गोदियाल सुबह साढ़े नौ बजे सीएम आवास पहुंच गए। उन्होंने सीएम को कहा कि श्रीबद्रीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति के एक वर्तमान सदस्य ने वर्ष 2012 से वर्ष 2017 के मध्य मेरी अध्यक्षता वाली मन्दिर समिति पर विभिन्न अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत विभागीय मंत्री से करने की बजाय मेरे राजनैतिक प्रतिद्वंदी सहकाारिता मंत्री से की गई है। मंत्री ने भी शिकायत का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश भी जारी किये गये हैं।

मंत्री का कदम स्वागत योग्य है, लेकिन यह एकपक्षीय कार्यवाही हो रही है। गोदियाल ने कहा कि मैंने भी सहकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग में कई घोटालों की जांच की मांग की है। लेकिन इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन में दोहरा मापदण्ड नहीं अपनाया जाना चाहिए। शिकायत की तटस्थ भाव से जांच एवं तद्नुसार कार्रवाई होनी चाहिए। इससे समाज का लोकतांत्रिक राजनीति मूल्यों एवं राजनीतिज्ञों पर विश्वास बना रहे।

गोदियाल ने अनुरोध किया मुझ पर व मेरी अध्यक्षता वाली समिति पर लगाये गये आरोपों की जांच के साथ ही सहकारिता मंत्री पर लगे विभिन्न घोटालों की भी जांच की जाए। इसके लिए हाईकोर्ट के रिटायर जजों की अध्यक्षता में एक हफ्ते के अन्दर अलग-अलग जांच समितियां बनाई जाएं। यदि जांच शुरू न कराई गई तो एक हफ्ते बाद सीएम आवास के बाहर धरना दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button