अपराध

काली फ़िल्म लगी विधायक की सफारी सीज, हूटर लगाकर बेटा दौड़ा रहा था वाहन

देहरादून: दून पुलिस ने विधायक की काली फिल्म लगी सफारी सीज की है। वाहन को उनका बेटा चला रहा था व कार में विधायक का बोर्ड व हूटर भी लगाया हुआ था। पुलिस ने वाहन में लगी वीआइपी पट्टिका, हूटर तथा काली फ़िल्म को हटाते हुए वाहन को सीज कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पिछले दिनों दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना को देखते हुए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

चेकिंग के दौरान मंगलवार को वसंत विहार पुलिस ने एक संदिग्ध सफारी वाहन को रुकवाया। कार में आगे विधायक का बोर्ड लगा था तथा वाहन के शीशों पर काली फिल्म एवं वाहन में हूटर भी लगाया गया था। वाहन की चेकिंग की गई तो उसमें कोई भी विधायक मौजूद नहीं मिले, चालक ने स्वयं को विधायक का पुत्र होना बताया, जोकि दून के एक स्कूल में पढ़ाई कर रहा है।

नियमों का उल्लंघन व सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेते हुए वाहन पर लगे विधायक के बोर्ड को हटाते हुए वाहन के शीशों में लगी काली फिल्म एवं हूटर को हटवाया। चालक व वाहन स्वामी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज किया गया। वाहन उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक का है।

वाहनों में किसी भी प्रकार के भ्रामक बोर्ड, अवैधानिक उपकरण या वीआइपी चिन्हों का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रत्येक दशा में कार्रवाई तय है।

– अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button