
देहरादून: राजधानी में गैर समुदाय के लोगों की ओर से लगातार सामने आ रहे छेड़छाड़ व बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मामलों को देखते हुए पुलिस ने पलटन बाजार में सत्यापन का महाभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान में पुलिस ने 134 संदिग्धों को थाने व पुलिस लाइन पहुंचा और बारीकी से उनकी जांच की गई। यह पहला मौका था जब बाजार पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त रहा।

मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह की देखरेख में चले सत्यापन अभियान में बड़ी संख्या में बाहरी व्यक्ति पकड़े गए। यह बिना सत्यापन किए बाजारों में फड़ व ठेली लगा रहे थे। ऐसे संदिग्धों को पुलिस अलग-अलग वाहनों के माध्यम से नजदीकी थानों व पुलिस लाइन लाइन ले गई, जहां एक-एक से बारीकी से पूछताछ की गई। इस दौरान उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर रजिस्टर में नोट करते हुए उनकी फोटो भी लिए गए। इसके अलावा उनका अपराधिक रिकार्ड भी पता किया गया।

पुलिस जांच में कुछ संदिग्धों का अपराधिक रिकार्ड भी पाया गया है, जोकि अपराधिक मामलों में जेल से छूटे हैं। इन सभी व्यक्तियों को अपने-अपने थानों से सत्यापन करवाकर लाने के निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने सभी दुकानदारों से कहा कि वह अपने-अपने प्रतिष्ठानों में बिना सत्यापन के बाहरी व्यक्तियों को न रखें। यदि इसके बाद भी किसी दुकान में बाहरी व्यक्ति बिना सत्यापन के काम करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने महिलाओं व युवतियों से की बातचीत

पलटन बाजार में सत्यापन अभियान के दौरान एसएसपी अजय सिंह ने महिलाओं व युवतियों से बातचीत कर उनसे महिला सुरक्षा से संबंधित पहलुओं पर बातचीत की। बातचीत के दौरान महिलाओं व युवतियों ने एसएसपी को मुख्य बाजारों में सुरक्षा के पहलू से महिला पुलिसकर्मी की नियमित गश्त करवाने को कहा। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा की दृष्टि से मुख्य बाजारों में सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों की संख्या को बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। इसके लिए एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पहली बार पलटन बाजार में हुआ व्यापार स्तर पर सत्यापन
पलटन बाजार में इससे पहले भी बाहरी व्यक्तियों की ओर से युवतियों के साथ छेड़छाड़ के मामले सामने आ चुके हैं। लंबे समय से बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन व उनके खिलाफ कार्रवाई करने की आवाज उठती रही, लेकिन कुछ व्यापारियों के हस्तक्षेत्र के कारण यह कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ जाती थी। यह पहला मौका है जब खुद एसएसपी लाव लश्कर के साथ बाजार में उतरे और बड़े स्तर पर कार्रवाई की।
पुलिस कार्रवाई की संगठनों व व्यापारियों ने की प्रशंसा
पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर चलाए सत्यापन अभियान संदिग्धों को चिह्नित करने की कार्रवाई की संगठन पदाधिकारियों व व्यापारियों ने प्रशंसा की है। प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख बजरंग दल विकास वर्मा ने कहा पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक रही। उनकी ओर से लंबे समय से संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित करने की मांग की जा रही थी। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहनी चाहिए। वहीं दून उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री पंकज मैसोन ने कहा कि पुलिस ने अच्छी कार्रवाई की है। जो लोग खुद किराए पर रहकर दुकानें चला रहे हैं, उन्होंने ही किराए पर फड़ व रेहड़ी लगवाई हुई हैं। पुलिस के सत्यापन कार्रवाई से साफ हो गया है कि बाजार में कौन लोग बाहर व कौन स्थानीय हैं। इस कार्रवाई को किसी धर्म विशेष से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।




