ऋषिकेश में बड़ा हादसा, वाहन डिवाइडर से टकराने से दो रेंजरों व एक वार्डन सहित चार की मौत, एक लापता

ऋषिकेश: ऋषिकेश की चीला नहर के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। वन विभाव का वाहन शक्ति नहर के किनारे डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में दो रेंजर, एक वार्डन सहित चार की मृत्यु की सूचना मिली है। वहीं एक वार्डन लापता है जबकि एक पशु चिकित्सक सहित छह लोग घायल हैं। इंटरसेप्टर के ट्रायल के दौरान यह हादसा हुआ है। घटना के समय वाहन में 10 लोग सवार थे।

मृतकों में शैलेश घिल्डियाल रेंज अधिकारी, प्रमोद ध्यानी उप वन क्षेत्राधिकारी, सैफ अली खान और कुलराज सिंह शामिल हैं। वहीं घायलों में वाहन चालक हिमांशु गोसाई, डा. राकेश नौटियाल पशु चिकित्सक, राजाजी नेशनल पार्क, अंकुश, चालक अमित सेमवाल और चालक अश्विन बिजू शामिल हैं।

वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी लापता बताई जा रहीं हैं। मृतक रेंजर शैलेश घिल्डियाल पीएमओ कार्यालय में सचिव पूर्व जिलाधिकारी मंगलेश घिल्डियाल के भाई हैं। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक गाड़ी का ट्रायल हुआ। जिसके बाद सभी लोग गौहरी रेंज जा रहे थे। वहां का टायर फटने से हादसा हो गया।




