शिक्षा

आठ शिक्षकों पर लटकी बर्खास्तगी की तलवार, दो पौड़ी गढ़वाल के सहायक अध्यापक भी शामिल

पौड़ी: गढ़वाल मंडल के चार जिलों में सेवारत आठ सहायक अध्यापकों को सेवा के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। ये सभी शिक्षक वर्षों से कार्यस्थल से नदारद चल रहे हैं। इनमें टिहरी जिले के 4, देहरादून के 2, पौड़ी व उत्तरकाशी के 1-1 शिक्षक शामिल हैं। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल ने नदारद सभी शिक्षकों को तैनाती पर उपस्थिति का पांच जुलाई तक अंतिम मौका दिया है।

टिहरी जिले के प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में सहायक अध्यापिका वाणिज्य के पद पर तैनात शालिनी ममर्गाइं वर्ष 2017 से नदारद चल रहीं हैं। जीआईसी काटल जौनपुर में तैनात सहायक अध्यापिका अंग्रेजी लक्ष्मी रानी साल 2019, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओनालगांव भदूरा प्रतापनगर में सहायक अध्यापक गणित धनवेश कुमार राठी वर्ष 2019 और जीआईसी हिसरियाखाल देवप्रयाग में सहायक अध्यापिका अंग्रेजी अल्का पाठक साल 2018 से अनुपस्थित चल रहे हैं।

जनपद देहरादून के उच्चर माध्यमिक विद्यालय बरौंथा चकराता में तैनात सहायक अध्यापिका गणित सारिका सिरोही साल 2018, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदर्सू विकासनगर में सेवारत हिंदी की सहायक अध्यापिका निशा बछेती 2018 से विद्यालय नहीं आई है। उत्तरकाशी जिले के जीआईसी कमद डुंडा में सहायक अध्यापक सामान्य राजेश बहुगुणा साल 2018 और पौड़ी जिले के कोट ब्लाक स्थित जीआईसी बहेड़ाखाल में सेवारत सहायक अध्यापक हिंदी शैलेंद्र कुमार साल 2019 से गायब चल रहे हैं। शैलेंद्र को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल महावीर बिष्ट ने बताया कि आठ शिक्षक बिना किसी सूचना के वर्षों से नदारद चल रहे हैं। विभाग ने नदारद सभी शिक्षकों को आगामी पांच जुलाई तक तैनाती स्थल पर उपस्थिति देने का अंतिम मौका दिया है। अपर निदेशक ने बताया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उपस्थिति नहीं देने पर नदारद शिक्षकों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button