सड़क हादसा

आशारोड़ी चेकपोस्ट पर फिर हादसा, ट्रक ने पुलिस वैन को मारी टक्कर, कई पुलिसकर्मी घायल

देहरादून। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस जवानों की वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार करीब छह से सात पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस जवानों की वैन सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी। जैसे ही वैन आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास पहुंची, पीछे से आ रहे सीमेंट से लदे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वैन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार जवान घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन लोकपाल परमार ने बताया कि ट्रक ने पुलिस वैन को पीछे से टक्कर मारी है। हादसे में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन दिन में दूसरी बड़ी घटना
आशारोड़ी चेकपोस्ट के आसपास लगातार हो रहे हादसों ने यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। महज तीन दिन पहले भी इसी स्थान पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक इंस्पेक्टर की कार को टक्कर मार दी थी। उस घटना के बाद अब पुलिस वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने से चेकपोस्ट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की रफ्तार पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button