अपराध

पौड़ी के चौकी इंचार्ज ने युवक को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर दारोगा लाइन हाजिर

पौड़ी : मित्र पुलिस का एक वीडियो मंगलवार को इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें पौड़ी के चौकी इंचार्ज संजीव ममगाईं एक युवक को थप्पड़ मारते और धकियाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लोकेश्वर सिंह ने चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए जांच भी बैठा दी।हालांकि, शाम तक जांच में यह बात सामने आई कि जिस युवक को थप्पड़ मारा गया, उसका नाम हिमांशु है। उसे गुंडा एक्ट में निरुद्ध किया गया है। युवक को आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक हिमांशु मंगलवार दोपहर को बिना हेलमेट के बाइक पर दो युवतियों को ले जा रहा था। उसी दौरान चौकी इंचार्ज ने बाइक रोकने के लिए कहा। युवक ने बाइक रोकने से इनकार कर दिया, लेकिन चौकी इंचार्ज ने किसी तरह उसे आगे नहीं बढ़ने दिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने चौकी इंचार्ज पर रौब गांठा। ऐसी हरकत देख चौकी इंचार्ज ने उसे पुलिस की अहमियत समझाते हुए थप्पड़ रसीद दिया। सीओ अनुज कुमार के मुताबिक अब पूरे प्रकरण की जानकारी एसएसपी को दी जा रही है। ताकि घटना के दोनों पहलू सामने आ सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button