देहरादून: राजपुर थाना पुलिस व एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 259 ग्राम स्मैक की बरामद की है। स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 80 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी सब्जी की ठेली की आड़ में स्मैक तस्करी का धंधा कर रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में नशा तस्करी व नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी व बिक्री पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान दो सितंबर की रात्रि में जंगल मंगल तिराहा पुरकुल रोड के पास से सूचना के आधार पर एक आरोपी रशीद उम्र 52 वर्ष निवासी एमडीडीए कालोनी केदारपुरम को 259 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी रशीद ने बताया कि वह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सब्जी की ठेली लगाता है। जल्द पैसा कमाने के लालच में वह स्मैक को मिर्जापुर सहारनपुर उत्तर प्रदेश निवासी एक स्थानीय नशा तस्कर से लाया था, जिसे वह स्थानीय नशा तस्करों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पूछताछ के दौरान आरोपी का पूर्व में भी नशा तस्करी व अन्य आपराधिक प्रकरणों में जेल जाना प्रकाश में आया है, जिसके संबंध में जानकारी की जा रही है।

More Stories
तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा, UPES के तीन छात्र-छात्राएं नदी में गिरे, दो की मौत
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 43 पुलिसकर्मियों को ‘मैन आफ द मंथ अवार्ड’
रुड़की में दो बहनों की गोली मारकर हत्या, घटना के बाद फैली सनसनी